रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुई दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। हाल्लूमजरा चौक पर एक 28 वर्षीय युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर देहरादून रेफर किए जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
सामान लेने निकले युवक पर जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवादा निवासी 28 वर्षीय मुफीद पुत्र मतलूब किसी काम से बाइक पर हाल्लूमजरा चौक पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुके थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत रुड़की के आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे देहरादून रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
रिश्तेदारी और बाहरी हमलावरों की चर्चा
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी मुजफ्फरनगर क्षेत्र के रहने वाले हो सकते हैं और मृतक से उनका रिश्तेदारी का संबंध भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इन सभी बातों की पुष्टि नहीं की है और हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।