देहरादून में सफाई व्यवस्था होगी और तेज, नगर निगम ने लॉन्च की क्विक रिस्पॉन्स टीम

देहरादून: राजधानी देहरादून में सफाई व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने क्विक रिस्पॉन्स टीम की शुरुआत की है। शुक्रवार को शहरी विकास एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पांच विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर इस नई सेवा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय, पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से प्रदेश में ग्रीन और क्लीन उत्तराखंड का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। नगर निगम की क्विक रिस्पॉन्स टीम इस अभियान को और प्रभावी बनाने का काम करेगी।

उन्होंने बताया कि यह टीम शादी समारोहों, धार्मिक आयोजनों, सामुदायिक कार्यक्रमों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे को तत्काल हटाएगी। इससे शहर में गंदगी नहीं फैलेगी और सफाई व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित रहेगी।

नगर निगम का कहना है कि इस नई व्यवस्था से लोगों को त्वरित सफाई सेवाएं मिलेंगी, कचरा प्रबंधन बेहतर होगा और देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *