रामनगर के सीतावनी रोड पर शनिवार को हाथियों का झुंड अचानक सड़क पर पहुंच गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जंगल से गुजरने वाले इस मार्ग पर वाहन चालकों ने किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखाई और सुरक्षित दूरी बनाकर इंतजार किया।
कुछ देर बाद झुंड में शामिल एक हाथी का व्यवहार आक्रामक हो गया। उसने सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के सामने किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। हाथियों को रास्ता देना और उन्हें बिना किसी व्यवधान के जंगल में लौटने देना सबसे सुरक्षित तरीका है।
वन अधिकारियों के अनुसार, सीतावनी रोड हाथियों के नियमित आवागमन का मार्ग है। विशेष रूप से मानसून के दौरान हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए इस क्षेत्र में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है।
वन विभाग ने कहा कि यदि लोग हॉर्न बजाने, वाहन से उतरने या हाथियों के करीब जाने जैसी गलतियां नहीं करेंगे तो मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।