रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा की जरूरत है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की मांग की।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार का संकट भी गंभीर होता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि छात्र और युवा अब अपने अधिकारों के प्रति पहले से अधिक जागरूक हैं और आने वाले समय में अपनी राय लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त करेंगे।
विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर नेताओं ने 17 जुलाई को आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।