चम्पावत में प्रशासन की फुर्ती से टला बड़ा हादसा, खाई में गिरी कार से चार लोगों को सुरक्षित निकाला

चम्पावत: लगातार खराब मौसम और रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में काम कर रहा है। इसी सतर्कता का परिणाम रहा कि टनकपुर क्षेत्र में खाई में गिरी कार में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत एवं बचाव अभियान में पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात डायल-112 पर सूचना मिली कि छोटी पुलिया, बस्तिया के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी है। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम ने संबंधित सभी एजेंसियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया।

कुछ ही देर में पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। टीमों ने समन्वित तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाया और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद सभी को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत रेड अलर्ट के दौरान जिले का आपदा प्रबंधन तंत्र लगातार निगरानी बनाए हुए है। जिला प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग व प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *