उत्तराखंड सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के दूसरे चरण के तहत सैकड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता की किस्त जारी कर सरकार ने अपने संकल्प को आगे बढ़ाया है।
योजना के तहत 212 महिलाओं को पहली और 276 लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वरोजगार महिलाओं को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देता है। इसलिए सरकार महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से इतना सक्षम बनाना है कि वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी सक्रिय योगदान दे सकें।
सरकार का मानना है कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी राज्य का समग्र विकास संभव होगा। इसी सोच के साथ महिला कल्याण की योजनाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।