प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के लिए नैनीताल पहुंचे कुमाऊँ आयुक्त, दिए कई अहम निर्देश

नैनीताल: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

आयुक्त ने न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयसीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान राजस्व अभिलेखागार में रिकॉर्ड रखरखाव की प्रक्रिया की भी जांच की गई। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी नकल समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दीपक रावत ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की नियमित समीक्षा कर पारदर्शिता बढ़ाने की बात कही।

निरीक्षण में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने अधिकारियों को जनहित में तेज और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *