घने कोहरे में लिपटा नैनीताल, लगातार बारिश से बढ़ी लोगों की परेशानी

सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों लगातार बारिश और घने कोहरे की चपेट में है। शहर में दृश्यता बेहद कम होने के कारण लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय भी कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।

8 जुलाई से जारी बारिश ने पूरे जिले की रफ्तार धीमी कर दी है। मौसम खराब होने के कारण माल रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर पर्यटकों की संख्या में भारी कमी देखने को मिल रही है। स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हुआ है।

जिला प्रशासन ने एहतियातन 10 जुलाई को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लगातार वर्षा के कारण दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और कई ग्रामीण सड़कें बंद हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने की घटनाओं ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सड़कों को खोलने के लिए मशीनें और टीमें लगातार काम कर रही हैं।

बारिश का असर नैनीताल झील के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। बढ़ती ठंड और खराब मौसम के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *