रुड़की: हरिद्वार के रुड़की में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर नवादा गांव में रहने वाली नीलू सैनी की मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
परिजनों के मुताबिक नीलू की शादी करीब 10 वर्ष पहले बसंत सैनी से हुई थी। शादी के बाद परिवार में चार बेटियों का जन्म हुआ। आरोप है कि इसी बात को लेकर नीलू को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका के पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट होती थी और कई बार उसे गंभीर चोटें भी आई थीं। उनका आरोप है कि शुक्रवार रात हुई मारपीट के बाद नीलू की मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।