ऊधम सिंह नगर के खटीमा में कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे अमन अरोड़ा और भाजपा नेता बादल सक्सेना ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। दोनों नेताओं के शामिल होने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ने की चर्चा तेज हो गई है।
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने दोनों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए और नए सदस्यों का अभिनंदन किया।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद अमन अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए यह फैसला लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और व्यापारी वर्ग भी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में वह कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही संगठन को मजबूत करने और पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने इसे कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत बताया।