रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सर्पदुली रेंज में गश्त के दौरान एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर दिया। इस घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों की तत्परता के कारण उसकी जान बचाई जा सकी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल कर्मचारी की पहचान 32 वर्षीय पीतांबर के रूप में हुई है। वह अपने तीन साथियों के साथ नियमित गश्त पर निकले थे, तभी अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बहादुरी दिखाते हुए घायल को बाघ के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल कर्मचारी का हालचाल जाना और परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार पीतांबर की हालत खतरे से बाहर है। वन विभाग पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है और भविष्य में गश्त के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।