रुद्रपुर: रुद्रपुर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि बड़े सपने देखने वाले युवा ही देश और समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सफलता को नई शुरुआत मानकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन निश्चित रूप से गर्व की बात है, लेकिन जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर सीखना और खुद को बेहतर बनाना सबसे जरूरी है। सफलता तभी सार्थक होती है जब उसका लाभ समाज और देश को भी मिले।
रेखा आर्या ने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य से कभी समझौता न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है।
मंत्री ने रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं। इससे अन्य छात्र भी प्रेरित होकर बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करते हैं।
समारोह में उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के 93 टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।