देहरादून में सफाई कर्मचारियों का धरना जारी, वेतन वृद्धि और भर्ती की मांग पर अड़े कर्मचारी

देहरादून नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी धरना स्थल पर डटे हुए हैं और सरकार से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री सत्येंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों ने पिछले कई महीनों से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।

धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि दैनिक वेतनभोगियों का मानदेय बढ़ाया जाए और लंबे समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए।

इसके साथ ही कर्मचारियों ने नगर निगम में सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नए पदों के सृजन और बड़ी संख्या में भर्ती की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि शहर का दायरा बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों की संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्य बहिष्कार और प्रदेशव्यापी आंदोलन का भी फैसला लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *