उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की चुनौतियां बढ़ा दी हैं। पहाड़ी जिलों में कई जगह भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गई हैं और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन हालात को सामान्य बनाने के लिए लगातार राहत कार्य चला रहा है।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेशभर में 184 सड़कें बंद हैं। सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में देखा गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी में भी कई सड़कें बाधित हैं। सड़कें खोलने के लिए भारी मशीनों की मदद ली जा रही है।
राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पुल सुरक्षित हैं और यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने प्रदेशभर में 685 मशीनें तैनात की हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पूरी तरह तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा रहे हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।