देहरादून: नंदा की चौकी स्थित नए पुल को लेकर उठे सवालों के बीच लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुल सुरक्षित है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग ने कहा कि समस्या केवल एप्रोच रोड तक सीमित है।
लगातार बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं पाई गई है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग का लक्ष्य जल्द से जल्द यातायात को सामान्य करना और लोगों की परेशानी दूर करना है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच मुख्य अभियंता की निगरानी में कराई जा रही है। यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी ने यह भी दोहराया कि प्रदेश में सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी समय से पहले क्षतिग्रस्त होने वाले निर्माण कार्यों की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।