कलियर में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, कार्रवाई पर उठे सवाल…

रुड़की। पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ एक बार फिर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई अस्थायी कब्जों को हटाया।

हालांकि इस कार्रवाई के बाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग केवल गरीबों की झुग्गी-झोपड़ियों पर ही कार्रवाई कर रहा है, जबकि क्षेत्र में मौजूद बड़े और पक्के अवैध निर्माणों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पीपल चौक, धनौरी रोड और कलियर पटरी क्षेत्र में कई स्थायी अवैध निर्माण लंबे समय से मौजूद हैं, लेकिन उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।

लोगों का यह भी कहना है कि जब मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और उच्च न्यायालय तक ले जाने की तैयारी हुई, तब विभाग ने जल्दबाजी में कार्रवाई की।

फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। अब देखना होगा कि प्रशासन सभी अवैध निर्माणों पर समान रूप से कार्रवाई करता है या यह अभियान केवल छोटे कब्जों तक ही सीमित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *