रुड़की में बारिश से बिगड़े हालात, जलभराव वाले इलाकों में ट्रैक्टर से पहुंचीं मेयर अनीता अग्रवाल

रुड़की: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रुड़की शहर में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा कर दी है। कई मुख्य सड़कें पानी में डूब गई हैं, जबकि कई आवासीय इलाकों में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया है। लोगों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के हालात का जायजा लेने के लिए मेयर अनीता देवी अग्रवाल अधिकारियों के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचीं। रामपुर चुंगी क्षेत्र में सड़क पर अधिक पानी होने के कारण उन्होंने ट्रैक्टर पर बैठकर निरीक्षण किया और अधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए तथा जहां भी पानी भरा है वहां जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए।

मेयर ने कहा कि नगर निगम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। सभी टीमें फील्ड में काम कर रही हैं और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। नगर निगम और प्रशासन लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *