उत्तराखंड की महत्वपूर्ण लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग परियोजना को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक हटाए जाने के बाद वन विभाग ने सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को कार्यदायी संस्था नियुक्त कर दिया है। इससे परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
इस फैसले से कोटद्वार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा नेता विपिन कैंथोला ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटकर सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की जनता की प्राथमिक मांग रही है।
उन्होंने बताया कि सड़क बनने से कोटद्वार का संपर्क हरिद्वार और देहरादून से अधिक मजबूत होगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, कृषि और स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की संभावना है।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अनिल बलूनी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी पैरवी के चलते सुप्रीम कोर्ट ने 12 फरवरी को निर्माण पर लगी रोक समाप्त कर दी।
उन्होंने कहा कि अब आवश्यक विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को वर्षों से लंबित सुविधा मिल सकेगी।