उत्तराखंड में नई रेल परियोजनाओं की उम्मीद, सीएम धामी ने रेल मंत्री से रखा प्रस्ताव

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए रेल सेवाओं के विस्तार का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास को प्राथमिकता दे रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाओं के साथ कई नई रेल परियोजनाएं भी राज्य को मिली हैं। इससे लोगों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान हुई है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मुंबई दौरे के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों ने उनसे राज्य के लिए नई ट्रेनों और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग की। लोगों ने कहा कि बेहतर रेल सुविधाएं राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।

सीएम धामी ने बताया कि उन्होंने इन सुझावों को केंद्रीय रेल मंत्री तक पहुंचाया है और राज्य के हित में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। उनका मानना है कि आने वाले समय में उत्तराखंड को और बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। रेल विस्तार भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *