मसूरी : पर्यटन नगरी मसूरी में प्रशासन ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मासोनिक लॉज बस स्टैंड क्षेत्र में बने अवैध मकानों पर सीलिंग कर लगभग 80 परिवारों को नोटिस जारी किया गया है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई को रोकने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2023 में इस भूमि को पार्किंग के लिए स्वीकृत किया गया था, लेकिन नियमों की अनदेखी कर यहां आवासीय भवन खड़े कर दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि पहले भी इन भवनों पर सील लगाई गई थी, जिसे तोड़कर दोबारा कब्जा कर लिया गया। अब 2 दिन के भीतर क्षेत्र को खाली करने के आदेश दिए गए हैं।
इसके बाद प्रशासन ने दोबारा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।