सोशल मीडिया ने दिलाया इंसाफ, इंस्टाग्राम फोटो से पकड़ी गई घरेलू सहायिका

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में एक साल पहले हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में शिकायतकर्ता के घर काम कर चुकी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता को लंबे समय तक यह भरोसा था कि उन्होंने अपने गहने कहीं रखकर भूल गई हैं। इसी वजह से चोरी का शक किसी पर नहीं गया। लेकिन एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी।

दरअसल, शिकायतकर्ता के परिचित ने सोशल मीडिया पर एक महिला की तस्वीर दिखाई जिसमें वह हीरे का हार पहने हुए थी। महिला की पहचान पूर्व घरेलू सहायिका विमला के रूप में हुई। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि तस्वीर में दिख रहा हार उन्हीं का है, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

थाना राजपुर पुलिस ने एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घर में काम करने के दौरान परिवार का विश्वास जीता और मौका मिलते ही कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करना उसके लिए सबसे बड़ी भूल साबित हुई, जिससे चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *