विजिलेंस का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते पकड़ा गया संविदाकर्मी जेई

उत्तराखंड के जसपुर में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संविदाकर्मी कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई, जिसने रिश्वत की मांग से परेशान होकर विजिलेंस से मदद मांगी थी।

शिकायत के मुताबिक, खंड विकास कार्यालय के अंतर्गत लगाए गए वाटर कूलरों के भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि विवेक कुमार ने भुगतान जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये मांगे, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये अतिरिक्त देने की मांग रखी।

सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप ऑपरेशन की तैयारी की। सेक्टर निदेशक डॉ. बी. मुरुगेशन के निर्देशन में गठित टीम ने पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए हिरासत में लिया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने रिश्वत की रकम को भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है।

दूसरे आरोपी दीपक सागर के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है। अधिकारी उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *