सितारगंज में आयोजित तहसील दिवस एक बार फिर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बनकर उभरा। अग्रसेन ट्रस्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में सीडीओ दिनेश शाशमी और एसडीएम तुसार सैनी ने खुद मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुना।
कार्यक्रम में सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिससे मौके पर ही कई मामलों का समाधान संभव हो सका। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें जमीन विवाद, राशन, जलापूर्ति और सड़क निर्माण जैसी शिकायतें प्रमुख थीं।
राजनीतिक प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी इस आयोजन की खास बात रही। भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह और ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने भी आम नागरिकों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को समझा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि 48 मामलों को विस्तृत जांच के लिए भेजा गया है, जबकि कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। साथ ही तिरंगा चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए उसकी गोलाई कम करने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।
यह तहसील दिवस प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही का उदाहरण बनकर सामने आया है।