रुड़की: गणेशपुर टोल प्लाजा पर प्रस्तावित किसान आंदोलन फिलहाल टल गया है। भारतीय किसान यूनियन (एकता) और भारतीय किसान यूनियन (टोडा) के नेताओं ने प्रशासन और टोल प्रबंधन के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। किसानों का कहना है कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से सड़क पर उतरेंगे।
सुबह से ही टोल प्लाजा के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। प्रशासन को आशंका थी कि बड़ी संख्या में किसान टोल प्लाजा पहुंचकर घेराव कर सकते हैं। इसी के चलते कुछ किसान नेताओं को उनके कैंप कार्यालय पर ही रोक दिया गया।
वार्ता में किसानों ने कहा कि अधूरी सड़क और निर्माण कार्य के बावजूद वाहन चालकों से पूरा टोल वसूला जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने स्थानीय लोगों के लिए टोल में छूट और सभी लेनों के नियमित संचालन की भी मांग की।
टोल प्रबंधन ने किसानों की शिकायतों पर सकारात्मक रुख अपनाने का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों और लेन संचालन की व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
किसान नेताओं ने कहा कि वे फिलहाल प्रशासन को मौका दे रहे हैं। यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।