मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतने वाले रुड़की के खिलाड़ियों का लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
आदर्शनगर में आयोजित सम्मान समारोह में रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। ब्रॉन्ज मेडल विजेता इंजीनियर दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
डिस्ट्रिक्ट गर्वनर रवि प्रकाश ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है और यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी यह साबित कर रहे हैं कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। उन्होंने राज्य में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं और खेल नीति की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
खिलाड़ियों ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा का काम करेगा और वे भविष्य में भी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। उनकी सफलता लाखों युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।