देहरादून: मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मौसम की निगरानी, संचार व्यवस्था और विभिन्न जिलों से मिलने वाले इनपुट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना और त्वरित निर्णय किसी भी आपदा के प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार आपदा आने का इंतजार नहीं करती, बल्कि संभावित जोखिमों को देखते हुए पहले से तैयारियां सुनिश्चित करती है। यही कारण है कि संवेदनशील इलाकों में राहत सामग्री, जेसीबी मशीनें, बचाव दल और अन्य जरूरी संसाधनों की पहले ही व्यवस्था कर दी गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखें और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन व्यवस्था को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी चुनौती का तेजी और प्रभावी तरीके से सामना किया जा सके।