सीमाद्वार में जल निकासी व्यवस्था होगी मजबूत, डीएम डॉ. आशीष चौहान ने किया मौके का निरीक्षण

राजधानी देहरादून के सीमाद्वार क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को खत्म करने के उद्देश्य से प्रस्तावित नाला पुनर्निर्माण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की।

करीब 14.25 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में आरसीसी बैरल नाले का निर्माण किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु हो और क्षेत्रवासियों को जलभराव से होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना की डीपीआर तैयार करते समय स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से तैयार होने वाली योजनाएं अधिक प्रभावी और उपयोगी साबित होती हैं।

निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति सड़क कटिंग का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही कार्य बंद कराने, मशीन सीज करने और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *