मसूरी में भीषण हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों में एक महिला की मौत

मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र स्थित झड़ीपानी रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों को निकालने के लिए SDRF और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटी रहीं।

घटना की सूचना सुबह करीब 09:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और SDRF, फायर सर्विस तथा 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार सवार लोग उत्तरकाशी से लौट रहे थे और रास्ते में एक दुकान पर रुककर सामान भी खरीदा था। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चार लोग सवार थे—सत्यप्रकाश (सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता (गाजियाबाद) और संगीता (दिल्ली)। रेस्क्यू टीमों ने खाई से एक महिला का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी मौके पर मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *