देहरादून: राजधानी देहरादून में प्रशासन ने अमरदीप गैस एजेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके संचालन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला पूर्ति विभाग ने यह कदम एजेंसी में उत्पन्न विशेष परिस्थितियों और तकनीकी कारणों को देखते हुए उठाया है।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) के.के. अग्रवाल ने बताया कि एजेंसी से जुड़े पारिवारिक विवाद के बाद कामकाज प्रभावित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जनहित में एजेंसी को निलंबित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अमरदीप गैस एजेंसी से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को आसपास की तीन अन्य गैस एजेंसियों से संबद्ध किया जा रहा है, जिससे गैस सिलेंडर की आपूर्ति और रिफिलिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार आगे भी कदम उठाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस आपूर्ति से संबंधित जानकारी के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें।