बारिश के बीच गौला बैराज पर बढ़ी सतर्कता, प्रशासन ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

हल्द्वानी में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा के चलते गौला बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक गौला बैराज में 90,164 का जलस्तर दर्ज किया गया। बढ़ते जलस्तर के कारण गौला नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू किए जा सकते हैं।

नैनीताल की जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर समय उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का फोन बंद मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की देरी न हो।

प्रशासन ने गौला नदी के किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के पास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। साथ ही बैराज से पानी छोड़ने की प्रक्रिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। लगातार बारिश को देखते हुए आने वाले दिनों में भी विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *