नीति आयोग रिपोर्ट: रोजगार, निवेश और नवाचार में उत्तराखंड ने बढ़ाया देशभर में सम्मान

देहरादून: नीति आयोग की नई रिपोर्ट में उत्तराखंड को मिली बेहतर रैंकिंग को राज्य सरकार ने अपनी विकास नीतियों की बड़ी उपलब्धि बताया है। सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड ने पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 11वें स्थान पर पहुंचकर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सरकार ने इसे राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

रोजगार के क्षेत्र में भी उत्तराखंड का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है। श्रम बल भागीदारी दर राष्ट्रीय औसत से लगभग 25 प्रतिशत अधिक दर्ज होने को सरकार रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती का संकेत मान रही है।

सरकार का कहना है कि उद्योगों को आसान ऋण, सिंगल विंडो ऑनलाइन सिस्टम और निवेशक हितैषी नीतियों ने राज्य में व्यापार का माहौल बेहतर बनाया है। इसके साथ ही नवाचार के क्षेत्र में युवाओं द्वारा अधिक पेटेंट दर्ज कराना भी उत्तराखंड की नई पहचान बनकर उभरा है।

रिपोर्ट में साइबर अपराध की कम दर को भी राज्य की बड़ी उपलब्धि बताया गया है। सरकार का कहना है कि डिजिटल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पारदर्शी प्रशासन को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उत्तराखंड विकास के नए मानक स्थापित कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *