मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी पर गरमाई सियासत, विधायक हाजी फुरकान अहमद ने जांच की मांग उठाई

रुड़की: कलियर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक हाजी फुरकान अहमद ने मतदाता सूची में कथित फर्जी प्रविष्टियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए तत्काल जांच आवश्यक है।

विधायक ने आरोप लगाया कि बूथ संख्या-48 (शांतरशाह) की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति ‘रामदेव’ को बड़ी संख्या में मतदाताओं का पिता दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है और कई प्रविष्टियों में मकान नंबर भी शून्य दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन विसंगतियों को दूर नहीं किया गया तो चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करने की मांग की।

राजनीतिक टिप्पणी करते हुए विधायक ने भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से नाराज है। उनके अनुसार, कांग्रेस को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है।

आगामी चुनाव को लेकर विधायक ने दावा किया कि कलियर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और जनहित के मुद्दों पर मतदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *