खटीमा में प्रशासन की मौजूदगी में नष्ट हुआ तस्करी का 25 क्विंटल माल, सीमा शुल्क विभाग ने की थी बड़ी बरामदगी

खटीमा: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में जब्त किए गए करीब 25 क्विंटल काजू और अखरोट को प्रशासन ने नष्ट कर दिया। खटीमा तहसील परिसर में गड्ढा खोदकर पूरे माल को मिट्टी में दबाया गया। कार्रवाई के दौरान सीमा शुल्क विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

सीमा शुल्क विभाग ने कुछ दिन पहले मेलाघाट ऑफ-रूट क्षेत्र में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 2,460 किलोग्राम काजू गिरी और 60 किलोग्राम अखरोट बरामद किए थे। यह कार्रवाई निरीक्षक आकाश दीक्षित और हेड हवलदार मंजुल कुमार दुबे के नेतृत्व में की गई थी।

तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जब्त खाद्य सामग्री का सुरक्षित और नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसके लिए नगर पालिका की जेसीबी से गड्ढा खोदकर पूरे माल को मिट्टी में दबा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त प्रवीन भूषण, सहायक निर्देशक डॉ. मुकेश बाबू, अधीक्षक रजोष शर्मा सहित सीमा शुल्क विभाग, सीएमपीयू खटीमा मंडल बरेली और तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीमा शुल्क विभाग ने लोगों से तस्करी के खिलाफ जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर मिलने से ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *