हरिद्वार में कांवड़ मेले को लेकर तैयारियों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

हरिद्वार: उत्तराखंड में आयोजित होने वाले कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, स्थानीय विधायक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मेले की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 21 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले कांवड़ मेले के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से यातायात, बिजली, पेयजल, स्वच्छता और शौचालय जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि हर साल लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के अंत में अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और मेले के दौरान बेहतर प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *