नैनीताल में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना है।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल और महिला एवं बाल विकास सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं, आवेदन स्वीकार किए और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। वहीं एडीएम विवेक राय ने शिविर स्थल पर ही न्यायालय लगाकर वर्ष 2016 और 2018 से लंबित तीन मामलों का निस्तारण कर प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही लोक संस्कृति के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।