सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। सुबह से शहर के अधिकांश हिस्से कोहरे की मोटी परत से ढके रहे, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। तेज गर्जना और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
खराब मौसम के कारण शहर में पर्यटकों की आवाजाही कम हो गई है। नैनीताल घूमने पहुंचे अधिकांश पर्यटक अपने होटलों में ही ठहरे हुए हैं। वहीं, नैनी झील में नौकायन बंद रहने से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नाव संचालकों का काम भी प्रभावित हुआ है।
शहर की सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों की संख्या घटने से ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिली है। स्थानीय लोग इसे मानसून का सकारात्मक पहलू मान रहे हैं, क्योंकि पिछले दिनों भारी भीड़ के चलते आवागमन काफी प्रभावित हो रहा था।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि बारिश के चलते कमरों की मांग घटी है और अब पर्यटकों को पहले की तुलना में कम कीमत पर होटल उपलब्ध हो रहे हैं।
स्कूल खुलने और मानसून के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या सीमित रहने की संभावना है। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही कम हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।