हरिद्वार के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के रोपवे में व्यापक तकनीकी जांच और रखरखाव का कार्य शुरू होने जा रहा है। कांवड़ मेले से पहले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उषा ब्रेको के अनुसार मनसा देवी रोपवे 8 से 11 जुलाई तक और चंडी देवी रोपवे 13 से 16 जुलाई तक बंद रहेगा। इस दौरान रोपवे की मशीनरी, केबल, ट्रॉली और अन्य तकनीकी प्रणालियों की विस्तृत जांच की जाएगी।
कंपनी का कहना है कि नियमित मेंटेनेंस से रोपवे की कार्यक्षमता और सुरक्षा दोनों बेहतर बनी रहती हैं। इसी वजह से हर वर्ष निर्धारित समय पर यह कार्य किया जाता है।
श्रद्धालुओं को इस दौरान मंदिर तक पैदल मार्ग से जाना होगा। प्रशासन ने कहा है कि पैदल मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ब्रिडकुल के नामित अधिकारी भी पूरे मेंटेनेंस कार्य की निगरानी करेंगे। निरीक्षण रिपोर्ट संतोषजनक मिलने के बाद ही रोपवे सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।