शूटिंग के दौरान ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ बोर्ड पर विवाद, विरोध के बाद हटाया गया शब्द

हरिद्वार

हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर क्षेत्र में फिल्म शूटिंग के दौरान लगाए गए ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ बोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया। धार्मिक नगरी में इस तरह का बोर्ड लगाए जाने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद निर्माताओं को ‘बार’ शब्द हटाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, श्रवणनाथ नगर स्थित एक भवन में फिल्म की शूटिंग चल रही थी। एक सीन के लिए भवन के बाहर ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ का बोर्ड लगाया गया था, जिसे देखकर स्थानीय लोग नाराज हो गए और मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे।

स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों का कहना था कि हरिद्वार जैसे पवित्र शहर में इस तरह के बोर्ड लगाना गलत संदेश देता है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है।

विरोध के दौरान फिल्म यूनिट और स्थानीय लोगों के बीच बहस भी हुई। मामला बढ़ता देख तुरंत बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटा दिया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

फिल्म यूनिट ने शूटिंग के लिए अनुमति होने की बात कही, लेकिन लोगों ने इस तरह की गतिविधियों पर नाराजगी जताई।

घटना के बाद शहर में फिल्म शूटिंग के दौरान स्थानीय भावनाओं के सम्मान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *