टिहरी गढ़वाल: सुरकंडा क्षेत्र के कद्दूखाल में बुधवार शाम हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए के किनारे स्थित दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आने के बाद उन्हें एहतियातन खाली करा दिया गया। आसपास के अस्थायी ढांचे और श्रमिकों की झुग्गियों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
घटना के दौरान एक पुराना खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर पहुंची आपदा प्रबंधन टीम ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में होटल निर्माण के लिए पहाड़ी की गई खुदाई को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का कमजोर हिस्सा अचानक ढह गया।
प्रशासन ने संबंधित निर्माण कार्य की जांच के आदेश दे दिए हैं। यदि निर्माण मानकों की अनदेखी या अवैध खुदाई की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बारिश के मौसम में प्रशासन लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और लोगों से अपील कर रहा है कि वे जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचें तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।