पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।
कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली मल्ली और बधालीखाल के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर गिर गईं। इससे मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार मार्ग को जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश के अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीमों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनियों का पालन करें और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें। लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।