खटीमा रेंज के चकरपुर वन चौकी क्षेत्र में पेड़ कटान को लेकर नया विवाद सामने आया है। हाल ही में 16 पेड़ों के कटान के मामले के बाद अब चार और पेड़ों के कटान का दावा किया जा रहा है, जिससे वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटनास्थल के वीडियो और तस्वीरों में चार पेड़ों के कटे हुए अवशेष साफ दिखाई दे रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को केवल दो पेड़ों की जानकारी देकर वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी पहले ही हटाई जा चुकी थी। इसके अलावा ठूंठों को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले से जुड़ी तस्वीरों पर 6 जुलाई की तारीख दर्ज होने की भी चर्चा है।
इस पूरे मामले में एसडीओ संचिता वर्मा ने कहा कि दो सूखे और गिरे हुए पेड़ों का कटान हुआ है तथा बरामद लकड़ी को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है। विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है।
फिलहाल इस मामले में स्थानीय लोगों के आरोप और वन विभाग के दावों के बीच अंतर बना हुआ है। ऐसे में निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।