देहरादून: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून की विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार ढहने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दीवार गिरने से दो से तीन मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक महिला घायल हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी देहरादून और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर जोखिम वाले हिस्सों को चिह्नित किया और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें। राहत एवं बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।