खेल मैदान की कमी के बीच मसूरी के खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा

मसूरी के सर्वे मैदान में आयोजित तृतीय स्वर्गीय रामनाथ सिंह पवार स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड कांग्रेस पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने किया। प्रतियोगिता में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के लगभग 350 से 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों की भागीदारी ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजक प्रिंस पवार ने कहा कि उनकी फुटबॉल अकादमी का उद्देश्य बच्चों को सही प्रशिक्षण देकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं, लेकिन बेहतर खेल मैदान का अभाव अब भी एक बड़ी चुनौती है।

उन्होंने कहा कि मसूरी में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित होने से यहां के खिलाड़ियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय प्रतिभाओं को अपने शहर में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इससे खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्य अतिथि उपेंद्र थापली ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *