महिलाओं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग का बड़ा कदम, GPS-पैनिक बटन अब अनिवार्य

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन विभाग ने महिला सुरक्षा और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी पैसेंजर वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य होगा।

आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि देहरादून में 25 हजार से अधिक वाहनों में यह सुरक्षा प्रणाली पहले ही स्थापित की जा चुकी है। इसके संचालन और निगरानी के लिए अत्याधुनिक कंट्रोल रूम भी तैयार किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत वाहन की लोकेशन, स्पीड और ड्राइविंग व्यवहार पर लगातार नजर रखी जाएगी। ओवर स्पीडिंग, हार्श ब्रेकिंग और GPS डिवाइस से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।

इसके अलावा पैनिक बटन दबाने पर वाहन सीधे 112 इमरजेंसी सेवा और पुलिस नेटवर्क से जुड़ जाएगा। पुलिस को वाहन की लाइव लोकेशन प्राप्त होने से आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

परिवहन विभाग का कहना है कि यह तकनीकी पहल यात्रियों के बीच सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *