लाइसेंसी पिस्टल से भाई पर फायरिंग, प्रधान पति फरार

रुड़की: पिरान कलियर क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के प्रधान पति ने अपने ही भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर सैनी और घायल राजेश सैनी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। देर रात दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया।

गोली लगने के बाद घायल राजेश सैनी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की तकनीकी व कानूनी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *