मसूरी में सड़क पर जलभराव का खतरा, स्थानीय निवासी ने उठाई जल निकासी की मांग

मसूरी के पिक्चर पैलेस से बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर वर्षा जल निकासी बाधित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी यश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि एक निजी निर्माणाधीन भवन के पास बारिश के पानी की निकासी को ईंटों की चिनाई कर बंद कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह स्थान लोक निर्माण विभाग के अधीन है और यहां जल निकासी को रोकने से बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को शिकायत भी दी है।

यश गुप्ता का कहना है कि सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क की आयु कम हो सकती है। साथ ही आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर जल निकासी को पहले की तरह बहाल किया जाए ताकि बरसात के मौसम में किसी तरह की समस्या उत्पन्न न हो।

स्थानीय निवासी ने यह भी कहा कि यदि संबंधित विभाग ने कार्रवाई नहीं की तो वह उपजिलाधिकारी के समक्ष पूरे मामले को उठाकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *