एडीजी विजिलेंस की अपील- रिश्वत मांगने वालों की करें शिकायत, 1064 हेल्पलाइन पर दें सूचना

उत्तराखंड विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत विभाग ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान को भी आगे बढ़ाया।

एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि विभाग अब तक 18 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में विभाग पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जांच कर रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि करीब 40 मामले शासन स्तर पर लंबित हैं। इन मामलों में आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि सभी मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण हो।

डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि अदालत के फैसलों का विश्लेषण कर विभाग अपनी जांच प्रणाली को लगातार बेहतर बना रहा है। यदि किसी सरकारी गवाह द्वारा अदालत में बयान बदला जाता है तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत 1064 हेल्पलाइन पर दें। जनता के सहयोग से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है और पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *