आम के बाग में विवाद के बाद हिंसा, दो मजदूर घायल, पुलिस जांच जारी

हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में आम के बाग में हुई हिंसक झड़प ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें दो मजदूर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बेलकी मसाई गांव के पास स्थित आम के बाग में मजदूर आम तोड़ रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और आम तोड़ने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कुछ समय बाद बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य मजदूर को भी चोटें आई हैं और दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावर बाग से आम लेकर चले गए और वहां खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *