उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के बीटेक प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने इस मामले को छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने कांग्रेस सेवा दल कार्यालय पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाहर निकलने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उनका आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों पर सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है।
वरिष्ठ नेता सुधीर शांडिल्य ने कहा कि पार्टी ने ज्ञापन में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई गई है।
कांग्रेस का कहना है कि जब तक छात्रों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक ऐसे मुद्दों पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।