उत्तराखंड में नशा तस्करों पर शिकंजा, स्कूटी से 1.521 किलो कैटामाइन बरामद

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.521 किलो कैटामाइन बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी स्कूटी की डिक्की में ड्रग्स छिपाकर उसकी डिलीवरी देने जा रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।

मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की जांच की और उसे कैटामाइन बताया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार और अंकित तिवारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि जांच के दौरान ड्रग्स की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *